सोमवार, 4 अक्टूबर 2010

चुनावी टिकट को लेकर मारामारी

विधानसभा की चुनावी टिकट को लेकर बिहार में मारामारी मची हुई है। शायद ही कोई पार्टी हो जो इस हाय तौबा से अछूती हो। मधुबनी और पूर्णिया मे कांग्रेसियों ने अपने ही पार्टी दफ्तरों में आग लगा दी। पटना में लोजपा कार्यालय पर दिनभर धरना चला। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के आवास का दिनभर घेराव रहा। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर असंतुष्टों के कारण ताला जड़ दिया गया। टिकट वितरण में धांधली से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम के सभी कक्षों में ताला जड़ दिया। पूरे आश्रम पर क्षुब्ध कार्यकताओं का कब्जा था और पदाधिकारी गायब।

टिकट बंटवारे में धांधली का आरोप लगाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने रविवार को मधुबनी व पूर्णिया जिला कांग्रेस कार्यालय में जमकर बवाल काटा। इस दौरान जमकर तोड़फोड़ की गई और सामानों को आग के हवाले कर दिया गया। मधुबनी में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर जिलाध्यक्ष चंद्रकांत झा को कमरे में बंद कर दिया और बाहर रखी कुर्सियों को तोड़ डाला। इसके बाद उनमें आग लगा दी। घटना की बाबत देर शाम जिलाध्यक्ष चंद्रकांत झा के बयान पर नगर थाने में अज्ञात कांग्रेसियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

टिकट से वंचित लोगों के हंगामे से लोजपा भी अछूती नहीं रही। लोजपा कार्यालय के बाहर टिकट से वंचित अभ्यर्थी व उनके समर्थक भूख हड़ताल पर बैठ गए और गेट के सामने धरना शुरू हो गया। हालांकि देर शाम भूख हड़ताल खत्म हो गई। मौके पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन राजनीतिक कार्यकर्ताओं के शोर के आगे वह मूकदर्शक बनी रही। भूख हड़ताल पर बैठे दरौली के चंद्रिका ने बताया कि उन्हें टिकट का वादा किया गया था पर टिकट ऐसे व्यक्ति को मिला जिसका क्षेत्र में कोई अस्तित्व नहीं है। बक्सर से आए लोग छेदी राम को प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध कर रहे थे।

टिकट की दावेदारी कर रहे राजद नेता व उनके समर्थकों ने रविवार को पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद के आवास का दिनभर घेराव किया। फतुहा व दानापुर से टिकट की मांग को लेकर बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता पहुंचे थे। वे अपने साथ बैनर लिए हुए थे। घेराव करने वाले फतुहा और दानापुर में प्रत्याशी बदलने की मांग कर रहे थे। राजद सुप्रीमो के आवास से निकलकर पार्टी के एक कार्यकर्ता ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग पर विचार किया जाएगा।

तेघड़ा [परिसीमन के पूर्व बरौनी] के कार्यकर्ताओं ने ललन कुंवर को टिकट दिए जाने के विरोध में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। पुराने कार्यकर्ता अरविंद सिंह को वहां से प्रत्याशी बनाने की मांग की। कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिए जाने के कारण प्रदर्शनकारी गेट के सामने ही धरना पर बैठ गए। लगातार दो दिनों तक कार्यकर्ताओं के हंगामे को झेलने के बाद पार्टी ने रविवार को वहां व्यापक बंदोबस्ती कर रखी थी, जिस वजह से कार्यकर्ता कार्यालय परिसर में दाखिल नहीं हो सके। दोनों प्रवेश द्वारों पर ताले जड़ दिए गए थे।

क्षेत्रीय संगठन प्रभारी हृदयनाथ सिंह व प्रदेश उपाध्यक्ष संजय मयूख ने गेट पर आकर धरना दे रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत की तथा प्रत्याशी बदलने की उनकी भावना से नेतृत्व को अवगत कराने का आश्वासन दिया। उसके बाद ही कार्यकर्ता वहां से हटने को तैयार हुए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें