बुधवार, 5 जनवरी 2011

भाजपा विधायक की चाकू गोद कर हत्या

पूर्णिया। पूर्णिया सदर के भाजपा विधायक राजकिशोर केसरी की मंगलवार सुबह एक स्कूल की संचालिका ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या विधायक के सिपाही टोला स्थित आवास पर उस समय की गयी जब वे जनता से मिल रहे थे। इससे आक्रोशित लोगों ने महिला की जमकर धुनाई कर दी। बाद में पुलिस ने उसे घायल अवस्था में कटिहार मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती करवाया।

आरोपी महिला द्वारा विधायक पर यौन शोषण का आरोप लगाया गया है। हत्याकांड के विरोध में पूर्णिया में आज बाजार बंद रहा।

जानकारी के अनुसार विधायक अपने आवास पर जनता की समस्याएं सुन रहे थे। सुबह लगभग साढ़े नौ बजे स्थानीय राजहंस पब्लिक स्कूल की संचालिका रूपम पाठक उनके आवास पर पहुंची और अकेले में बात करने की इच्छा जतायी। विधायक निर्धारित स्थल से हटकर बगल में पहुंचकर उससे बात करने लगे। इतने में महिला ने अपनी काली चादर में छुपाकर लाए गये चाकू से विधायक के पेट पर वार कर दिया। चाकू लगते ही विधायक जमीन पर गिर गये। विधायक के गिरते ही उनके गार्ड और उपस्थित लोग दौड़े और महिला को पकड़ लिया। विधायक को उनकी स्कार्पियो में लाद कर सदर अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सा के दौरान उनकी मौत हो गयी।

घटना की खबर मिलते ही विधायक के आवास और अस्पताल में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। विधायक पर हमला करने वाली महिला को जब पुलिस अपने कब्जे में ले रही थी, उसी वक्त आक्रोशित लोगों ने उसपर हमला कर दिया। इस हमले में महिला बुरी तरह जख्मी हो गयी। बाद में पुलिस ने उसे गंभीर हालत में कटिहार मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।

घटना के संबंध में आरोपी महिला का बयान दर्ज किए जाने व अनुसंधान पूरा होने तक कुछ नहीं कहा जा सकता। लेकिन आरोपी महिला ने करीब सात महीने पूर्व विधायक एवं उनके सहयोगी के खिलाफ यौन-शोषण का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की थी। बाद में उसने अपने आरोप को न्यायालय में वापस ले लिया था, लेकिन इसके बाद फिर से उसने न्यायालय में विरोध पत्र दायर कर कहा कि अभियुक्तों के दवाब में उसने पूर्व में ऐसा किया था। इस मामले में न्यायालय ने उपस्थिति की तारीख ख्भ् मार्च निर्धारित की। इस हत्याकांड को पूर्व के विवाद से भी जोड़कर देखा जा रहा है। घटना के पीछे किसी साजिश की भी चर्चा है। आरक्षी अधीक्षक नैयर हसनैन खां ने बताया कि पुलिस हर बिंदु पर अनुसंधान कर रही है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिया है। आरोपी महिला को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। विधायक की हत्या से शहर में शोक की लहर है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें