मतदान लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मतदान लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 9 नवंबर 2010

पाँचवें दौर का मतदान जारी

बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच पाँचवें दौर का मतदान शुरू हो गया। माओवादियों के चुनाव बहिष्कार के आह्वान के बीच पाँचवें चरण में आठ जिलों के 35 निर्वाचन केंद्रों में मतदान हो रहा है। पाँचवें दौर में लगभग 81.26 लाख मतदाता 44 महिलाओं सहित 490 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

आज जिन 35 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है उनमें शेखपुरा जिले की दो विधानसभा सीटें, नालंदा की सात सीटें, पटना की चार, भोजपुर की सात, अरवल की दो, जहानाबाद की तीन सीटें, गया और नावादा जिले की पाँच-पाँच सीटें शामिल हैं।

इन 35 सीटों में शेखपुरा जिले की बरबीघा एवं शेखपुरा, नालंदा की आस्थावाँ, बिहारशरीफ, राजगीर (अजा), इस्लामपुर, हिलसा, नालंदा एवं हरनौत, पटना की फुलवारी (अजा), मसौढी (अजा), पालीगंज एवं विक्रम, भोजपुर की संदेश, बरहरा, आरा, अगिआवं (अजा), तरारी, जगदीशपुर एवं शाहपुर शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त जिन अन्य विधानसभा सीटों पर आज मतदान जारी है उनमें अवरल जिले की कुर्था एवं अरवल सीट, जहानाबाद जिला की घोसी, जहानाबाद एवं मखदुमपुर (अजा) सीट, गया जिले की बोधगया (अजा), गया शहर, बेलागंज, अतरी एवं वजीरगंज सीट तथा नवादा जिले की हिसुआ, नवादा, गोविंदपुर, रजौली (अजा) एवं वारसलीगंज शामिल हैं।

बिहार के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने चुनाव को लेकर पुख्ता और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था का दावा करते हुए कहा कि कल के नक्सली बंद का मतदान पर प्रभाव न पड़े इसे लेकर उग्रवाद प्रभावित विधानसभा क्षेत्रों में अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियाँ तैनात की गई हैं।

उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से मतदान संपन्न कराए जाने के लिए बिहार सैन्यबल के अपर पुलिस महानिदेशक एसी वर्मा, पटना के पुलिस महानिरीक्षक बी श्रीनिवासन तथा नौगछिया के पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार गया में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

नीलमणि ने बताया कि इन 35 विधानसभा सीटों में से उग्रवाद प्रभावित 17 विधानसभा क्षेत्रों के हर मतदान केंद्र पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है जबकि बाकी अन्य मतदान केंद्रों में से 85 प्रतिशत पर अर्धसैनिक बलों की तथा अन्य मतदान केंद्रों पर बिहार सैन्य बल सहित दूसरे सशस्त्र बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई।

उन्होंने बताया कि पटना, भोजपुर, गया और नवादा में बीएसएफ और वायुसेना के कुल चार हेलीकाप्टरों के जरिए मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा नक्सल प्रभावित इलाकों पर नजर रखने के लिए सैटेलाइट फोन के साथ बुलेटप्रूफ तथा बारूदी सुरंग रोधी वाहनों की व्यवस्था की गई है।

नीलमणि ने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील करते हुए कहा कि मतदान के दौरान गड़बड़ी फैलाने वालों और मतदाताओं को उनके मताधिकार से रोकने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

आज 37 लाख 35 हजार 647 महिला मतदाताओं सहित कुल 81 लाख 26 हजार 72 मतदाता 490 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इन उम्मीदवारों में 44 महिलाएँ और 178 निर्दलीय शामिल हैं।

इन 35 सीटों में से सभी पर कांग्रेस और बसपा ने बिना किसी से तालमेल किए अपने उम्मीदवार खड़ किए हैं और उनकी तरह ही अकेले चुनाव लड़ रही राकांपा, जद (एस) तथा समाजवादी पार्टी ने क्रमश: 25, 21 और 16 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे हैं।

प्रदेश में सत्ताधारी जदयू एवं भाजपा ने आपसी तालमेल के साथ क्रमश: 22 एवं 13 तथा लालू प्रसाद की राजद और रामविलास पासवान की लोजपा ने गठबंधन में क्रमश: 20 एवं 15 सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। इस बार एकसाथ चुनाव लड़ रहे तीनों वामदलों भाकपा, माकपा एवं भाकपा माले ने इन 35 सीटों में से क्रमश: सात, दो एवं 23 सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

चुनाव आयोग द्वारा विकलांग मतदाताओं के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर रैम्प की व्यवस्था की है तथा दृष्टिहीन मतदाताओं के लिए ब्रेल लिपि में डमी मत पत्र का इंतजाम किया है।

बिहार के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी कुमार अंशुमाली ने बताया कि 299 मतदान केंद्रों पर लाइव वेब स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई है जिसके जरिए मतदान केंद्रों पर हो रही गतिविधियों को जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी और भारत निर्वाचान आयोग द्वारा सीधे देखा जा सके।

नक्सल प्रभावित फुलवारी, मसौढी, पालीगंज, विक्रम, अरवल, कुर्था, जहानाबाद, घोषी, मखदुमपुर, बोधगया, रजौली, गोविंदपुर, इस्लामपुर और अतरी में मतदान का समय सुबह सात बजे से अपराह्न तीन बजे तक तथा हिलसा, बेलागंज और वजीरगंज में मतदान का समय सुबह सात बजे से अपराह्न चार बजे तक निर्धारित किया गया है। बाकी अन्य सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से शाम पाँच बजे तक जारी रहेगा।

रविवार, 7 नवंबर 2010

आज थमेगा चुनावी शोर

विधान सभा के पांचवें चरण में 35 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए प्रचार का शोर रविवार की शाम थम जायेगा। पांचवें चरण में भोजपुर जिला की 7, नवादा की 5, गया की 5, शेखपुरा की 2, नालंदा की 7, पटना की 4 अरवल की 2, जहानाबाद की 3 सीटों के लिए 9 नवम्बर मंगलवार को मतदान होगा। इसी चरण में पटना के फुलवारी, मसौढ़ी, पालीगंज और बिक्रम में भी मतदान है। 35 सीटों में सात सीट यानी राजगीर, फुलवारी, मसौढ़ी, अगिआंव, मखदुमपुर, बोधगया और रजौली अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित सीट हैं। नक्सलियों के प्रभाव आदि को देखते हुए 13 क्षेत्रों में मतदान का समय तीन बजे तक निर्धारित था मगर अंतिम समय में चुनाव आयोग ने चार और क्षेत्रों के समय में परिवर्तन कर दिया है। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी की अनुशंसा के आलोक में आयोग ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया।

सोमवार, 1 नवंबर 2010

लालू के खिलाफ दर्ज हुयी एफआईआर

पटना। पटना के एक मतदान केंद्र पर अपनी पत्नी एवं बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सोमवार को मतदान करने पहुंचे लालू प्रसाद पर चुनाव आचार संहिता उल्लंघन को लेकर मामला दर्ज किया गया है।

पटना सह निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद मकसूद आलम ने बताया कि किसी विशिष्ट व्यक्ति के अंगरक्षक को मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में खुलेआम हथियार लेकर जाने की अनुमति नहीं है, लेकिन दीघा विधानसभा सीट के मतदान केंद्र संख्या 118 पर वोट डालने पहुंचे लालू प्रसाद ने इसका ख्याल नहीं रखा। उन्होंने बताया कि इस मामले में पटना सदर प्रखंड विकास अधिकारी अशोक कुमार को पटना हवाई अड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए गए। जिसके बाद लालू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया।

लालू अपनी पत्नी, पुत्र तेजप्रताप और पुत्री रागिनी के साथ वेटनेरी कालेज स्थित मतदान केंद्र में वोट डालने पहुंचे थे। लालू और राबड़ी दोनों के पास जेड प्लस सुरक्षा है। वोट डालने पहुंचे लालू और उनकी पत्नी ने मीडिया से कोई बात नहीं की, पर राबड़ी ने इतना जरूर कहा कि मतदान के लिए उन्हें मतदान केंद्र के भीतर जाने दें। मतदान करने के बाद लालू मुस्कुराते हुए बाहर निकले और बिहार विधानसभा की शेष सीटों पर प्रचार के लिए पटना हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए।

चौथे चरण की 42 सीटों पर मतदान शुरू

बिहार विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 42 सीटों के लिए आज अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। बांका लोकसभा सीट पर भी सोमवार को उपचुनाव हो रहा है। लालू यादव द्वारा सुरक्षाकर्मियों के साथ मतदान करने की वजह से वे आचार संहिता की जद में आ गए हैं। लालू पर आरोप है कि वे गनमैन के साथ मतदान करने गए थे, इसी वजह से उन पर केस दायर हो गया है। लालू की पत्नी राबड़ी देवी पर भी पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है।

राज्य निर्वाचन कार्यालय के सूत्रों ने यहाँ बताया कि प्रदेश विधानसभा की कुल 243 में से 42 सीटों और बांका लोकसभा उपचुनाव के लिए 10716 बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। इसमें लगभग एक करोड़ 47 हजार 974 मतदाता मतदान करेंगे।

इस चरण में 42 में से 32 सीटो के लिए सुबह सात बजे से शाम पाँच बजे तक मतदान होगा जबकि सुरक्षा कारणों को लेकर अलौली (सु), सूर्यगढ़ा, तारापुर, जमालपुर, कटोरिया (सु), बेलहर सिकन्दरा (सु), जमुई झाझा और चकाई में सुबह सात बजे से तीन बजे तक ही वोट डाले जाएँगे।

सूत्रों ने बताया कि शहरी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों पर सुबह के समय मतदाताओं की लंबी कतार देखी जा रही है जिनमें युवाओं की संख्या अधिक है। हालाँकि ठंड के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बूथों पर मतदाता कम संख्या में पहुँच रहे हैं।

इस बीच राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) पी.के. ठाकुर ने यहाँ बताया कि सभी मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान चल रहा है और अभी तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। मतदान को लेकर सुरक्षा के अभूतपूर्व प्रबंध किए गए हैं तथा बूथ लूटेरों और गड़बड़ी फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को देखते ही गोली मारने के आदेश संबंधित जिला प्रशासन को दिए गए हैं।

ठाकुर ने बताया कि चुनाव वाले क्षेत्रों में चार हेलीकाप्टरों की मदद से गश्त की जा रही है। इसके अलावा अत्याधुनिक हथियारों से लैस अर्द्धसैनिक बल के जवान मतदान केन्द्रों के आसपास नजर रखे हुए हैं।

इस चरण में जिन प्रमुख दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दाँव पर लगी है उनमें स्वास्थ्य मंत्री नंदकिशोर यादव पटना साहिब और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री अश्विनी चौबे भागलपुर (दोनों भारतीय जनता पार्टी), बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के नेता शकुनी चौधरी (तारापुर) पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और कांग्रेस नेता सदानंद सिंह (कहलगाँव) कांग्रेस के पूर्व सांसद धनराज सिंह (जमालपुर) राजद के पूर्व सांसद विजय कृष्ण (बाढ़), जनता दल यूनाइटेड के बाहुबली नेता अनंत सिंह (मोकामा) और जेल में बंद निर्दलीय रीतलाल यादव (दानापुर) शामिल हैं।

दूसरी ओर पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह के निधन से रिक्त हुई बांका संसदीय सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए स्व. सिंह की पत्नी पुतुल सिंह निर्दलीय उम्मीदवार के रप में चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव से है। श्रीमती सिंह को जद यू और कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया है।

जिन 42 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है उनमें चेरियाबरियारपुर, बछवाडा, तेघरा, मटिहानी, साहेबपुर कमाल, बेगूसराय, बखरी (सु), खगडिया, बेलदौर, परबत्ता, लखीसराय, मुंगेर, बिहपुर, गोपालपुर, पीरपैंती (सु), कहलगाँव, भागलपुर, सुलतानगंज, नाथनगर, मोकामा, बाढ, बख्तियारपुर, दीघा, बांकीपुर, कुम्हरार, पटना साहिब, फतुहा, दानापुर, मनेर, अमरपुर, धोरैया (सु), बांका, अलौली (सु), सूर्यगढ़ा, तारापुर, जमालपुर, कटोरिया (सु), बेलहर, सिकंदरा (सु), जमुई, झाझा और चकाई शामिल है।

रविवार, 24 अक्टूबर 2010

बिहार में दूसरे चरण में 53 फीसदी मतदान

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 45 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान कड़े सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार को संपन्न हो गया। दूसरे चरण के मतदान में करीब 53 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। पूर्वी चंपारण जिले में 56 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मतों का उपयोग किया। शिवहर जिले में करीब 49 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके साथ ही 46 महिलाओं सहित कुल 623 उम्मीदवारों की किस्मत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में बंद हो गई।

इस चुनाव में नक्सली भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में कामयाब रहे, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध के बीच एक-दो घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मतदान में व्यवधान डालने के आरोप में 109 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि के अनुसार इस दौरान मतदान में व्यवधान डालने के आरोप में 109 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें दरभंगा जिले में 58, मुजफ्फरपुर में 18, समस्तीपुर में 30 लोग शामिल है। इसके अलावे 66 मोटर साईकिल सहित 68 वाहनों को भी जब्त किया गया।

इस बीच मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान संख्या एक के पास राज्य के लघु सिंचाई मंत्री दिनेश प्रसाद कुशवाहा के वाहन पर पत्थरबाजी की गई, जिसमें मंत्री को तो कोई नुकसान नहीं हुआ परंतु उनका अंगरक्षक घायल हो गया। इस पत्थरबाजी में मंत्री का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। कुशवाहा का आरोप है कि निर्दलीय प्रत्याशी माधवी चंद्र के पुत्र और उनके समर्थकों ने उन पर हमला किया। पुलस के अनुसार इस मामले की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

इस बीच कई मतदान केंद्रों पर चुनाव बहिष्कार की भी सूचना मिली है। गौरतलब है कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से पांच विधानसभा क्षेत्रों पारू, मीनापुर, साहेबगंज, शिवहर और बेलसंड विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से तीन बजे तक मतदान हुआ जबकि अन्य 40 क्षेत्रों में पांच बजे तक मत डाले गए।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार की रात शिवहर में एक नक्सली हमले में एक थाना प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी जबकि एक पुलिस का जवान घायल हो गया था।

सीतामढ़ी जिला के रूनीसैदपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 116 पर संदिग्ध नक्सलियों ने आकर मतदान संबंधी कागजात जला दिए और फरार हो गए।

इस घटना की पुष्टि राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक पी़ के़ ठाकुर ने भी की है। उन्होंने किसी भी मतदानकर्मी के अगवा होने के समाचार का खंडन किया। केंद्र पर सुबह आवश्यक कागजात पहुंचाए जाने के बाद वहां मतदान सुचारू रूप से चला। पूर्व में यह खबर थी कि मतदान केंद्र संख्या से कुछ मतदानकर्मियों को नक्सलियों ने अगवा कर लिया है।

इस चरण में कुल 98,44,981 मतदाताओं के लिए 10, 312 मतदान केंद्र बनाये गये थे। इस चुनाव में 12691 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का उपयोग किया गया जबकि करीब 250 मतदान केंद्रों से वेब कॉस्टिंग किया गया।

दूसरे चरण की 45 सीटें पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जिलों के अंतर्गत आते है। उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण के तहत गुरुवार को 47 सीटों पर मतदान कराया गया था जिसमें 54 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था। राज्य के 243 सीटों के लिए छह चरणों में 21, 24 और 28 अक्टूबर तथा 1, 9 और 20 नवंबर को मतदान की तिथि घोषित की है। सभी सीटों के लिए मतगणना 24 नवंबर को होगी।

शनिवार, 23 अक्टूबर 2010

बिहार में दूसरे चरण के लिए मतदान कल

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में रविवार को 45 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले मतदान के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। इस बीच, शिवहर में हुए नक्सली हमले के बाद इस विधानसभा क्षेत्र में मतदान का समय बदल दिया गया है।

राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने शनिवार को पटना में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रविवार को दूसरे चरण में होने वाले सभी 45 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध होंगे।

उन्होंने कहा कि शिवहर विधानसभा क्षेत्र के 96 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर केन्द्रीय अ‌र्द्घसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी जबकि अन्य जिलों के 80 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अ‌र्द्घसैनिक बल तैनात होंगे।

नीलमणि ने कहा कि अन्य मतदान केंद्रों पर अन्य सशस्त्र बलों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने शिवहर में हुए नक्सली हमले को नक्सलियों की बौखलाहट का परिणाम बताया। उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की है कि वे मतदान केंद्र तक पहुंचकर मतदान करें। सुरक्षा की पूरी व्यवस्था है।

इस, बीच राज्य निर्वाचन विभाग ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से शिवहर विधानसभा क्षेत्र में मतदान का समय बदलकर सुबह सात बजे से अपराह्न तीन बजे तक कर दिया है। पूर्व में मतदान पांच बजे तक होना था। मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर, पारू और साहेबगंज विधानसभा क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टिकोण से तीन बजे तक मतदान होना तय है।

दूसरे चरण में बिहार विधानसभा की 45 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए शुक्रवार की शाम प्रचार का शोर थम गया। पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जिले में इन सीटों के लिए 24 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे।

दूसरे चरण में 623 उम्मीदवार चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। 98 लाख 44 हजार 981 मतदाता 10312 बूथों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर इन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर सकेंगे। इसमें 5280234 पुरुष और 4564747 महिला मतदाता हैं। एक बूथ पर 1500 से अधिक मतदाता होने की वजह से 363 सहायक बूथ बनाये गये हैं। कुल 11348 कंट्रोल यूनिट और 13668 बैलट यूनिट का इस्तेमाल किया जाएगा।

छह सीटें बथनाहा, कुशे‌र्श्वर स्थान, बोचहा, सकरा, कल्याणपुर और रोसड़ा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित रोसड़ा में सबसे कम छह उम्मीदवार हैं जबकि काटी में सबसे अधिक 24 प्रत्याशी ताल ठोंक रहे हैं। नौ ऐसे क्षेत्र हैं जहा 16 से अधिक उम्मीदवार हैं। यहा मतदान की व्यवस्था के लिए हर बूथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है।

गौरतलब है कि मतदान प्रारंभ होने के 36 घंटे पूर्व शुक्रवार की रात नक्सलियों ने शिवहर में एक बारूदी सुरंग विस्फोट किया था, जिसमें छह पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।

उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण के तहत गुरुवार को 47 सीटों पर मतदान कराया गया था जिसमें 54 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था। राज्य के 243 सीटों के लिए छह चरणों में 21, 24 और 28 अक्टूबर तथा 1, 9 और 20 नवंबर को मतदान की तिथि घोषित है। सभी सीटों के लिए मतगणना 24 नवंबर को होगी।

24 को यहा पड़ेंगे वोट:-

नरकटिया, पिपरा, मधुबन, चिरैया, ढाका, शिवहर, रीगा, बथनाहा [अजा], परिहार, सुरसंड, बाजपट्टी, सीतामढ़ी, रुन्नीसैदपुर, बेलसंड, कुशेश्वरस्थान [अजा], गौड़ाबौराम, बेनीपुर, अलीनगर, दरभंगा ग्रामीण, दरभंगा, हायाघाट, बहादुरपुर,केवटी, जाले, गायघाट, औराई, मीनापुर, बोचहा, [अजा], सकरा [अजा], कुढ़नी, मुजफ्फरपुर, काटी, बरुराज, पारू, साहेबगंज, कल्याणपुर [अजा], वारिसनगर , समस्तीपुर, उजियारपुर, मोरवा, सरायरंजन, मोहिउद्दीनजर, विभूतिपुर, रोसड़ा [अजा] और हसनपुर।

गुरुवार, 21 अक्टूबर 2010

पहले चरण में 55 प्रतिशत मतदान

पटना [जागरण ब्यूरो]। भारी सुरक्षा के बीच गुरुवार को बिहार में विधानसभा के लिए पहले चरण का मतदान हुआ। छिटपुट घटनाओं के बीच 47 सीटों के लिए करीब 55 प्रतिशत वोट पड़े। कुल 631 उम्मीदवारों का भाग्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में फीड हो गया है।

राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी सुधीर कुमार राकेश ने बताया कि छातापुर में बूथ संख्या 177 पर पीठासीन अधिकारी के साथ मारपीट और मतदान में बाधा पहुंचाने की घटना हुई है। इस मामले में जदयू विधायक नीरज कुमार बबलू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उनकी गिरफ्तारी का आदेश दिया गया है। वायसी में सोशलिस्ट जनता पार्टी के उम्मीदवार अलीमुद्दीन अंसारी को बूथ नंबर 112 पर गड़बड़ी करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि स्थानीय कारणों से बेनीपंट्टी क्षेत्र में लोगों ने दस मतदान केंद्रों पर मतदान का बहिष्कार किया।

कटिहार में प्राणपुर के बूथ संख्या 123 के पीठासीन अधिकारी मुहम्मद हबीब की हृदयाघात से बुधवार रात मौत हो गई। उनके आश्रितों को प्रावधान के अनुसार दस लाख रुपये मुआवजा राशि अदा की जाएगी। मधुबनी में 52 फीसदी, सुपौल में 53 फीसदी, अररिया में 53 फीसदी, किशनगंज में 57 फीसदी, पूर्णिया में 55, कटिहार में 57, मधेपुरा में 52 और सहरसा में 56 फीसदी मतदताओं ने वोट डाले हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि कुछ जिलों में मतदान का प्रतिशत पहले की तुलना में बढ़ा है। ये मत जागरूकता अभियान, समय से पहले वैकल्पिक दस्तावेज की जानकारी दिये जाने आदि से बढ़े हैं।