शुक्रवार, 5 नवंबर 2021

नवगछिया: अभाविप ने काली मेला में लगाया निःशुल्क सेवा शिविर



नवगछिया: अभाविप ने काली मेला में लगाया निःशुल्क सेवा शिविर
नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर) : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नवगछिया इकाई द्वारा काली मंदिर परिसर भवानीपुर में दो दिवसीय निः शुल्क सेवा शिविर का उद्घाटन किया गया। सेवा शिविर में श्रद्धालुओं के लिए निः शुल्क पेय जल एवं चिकित्सा सेवा की सुविधा की गई है।
यह जानकारी अभाविप के नगर सह मंत्री शिवम झा ने देते हुए बताया कि इस दो दिवसीय निः शुल्क सेवा शिविर के उद्घाटन के मौके पर अभाविप के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राहुल शर्मा, अभाविप के नगर मंत्री विश्वास वैभव, सौरभ पोद्दार, डब्लु के अलावा काली मंदिर संरक्षक त्रिपुरारी कुमार भारती, काली मंदिर मेला समिति के अध्यक्ष पिंटू यादव, मेला समिति सदस्य हरिकिशोर झा, आरएसएस के जिला ग्राम विकास प्रमुख भूपेन्द्र पोद्दार, सदस्य मनोज कुमार झा आदि दर्जनों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

रविवार, 31 अक्टूबर 2021

नवगछिया: आरपीएफ, जीआरपी और एनसीसी ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ, सरदार पटेल को अर्पित की पुष्पांजलि

नवगछिया: आरपीएफ, जीआरपी और एनसीसी ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ, सरदार पटेल को अर्पित की पुष्पांजलि
नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर)। राष्ट्रीय एकता दिवस पर नवगछिया स्टेशन के बाहर आरपीएफ और जीआरपी तथा एनसीसी कैडेट्स ने रविवार को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की सामुहिक रूप से शपथ ली। इसके बाद लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित की गई।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व नवगछिया आरपीएफ इंस्पेक्टर मृणाल कुमार ने किया। जिसमें नवगछिया जीआरपी थानाध्यक्ष प्रमोद प्रसाद सिंह और स्थानीय बनारसी लाल सर्राफ कॉमर्स कॉलेज के एनसीसी इंस्ट्रक्टर तुषार कांत झा अपने दलबल के साथ शामिल होकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ लिये। मौके पर आरपीएफ और जीआरपी के सभी पदाधिकारी से लेकर सिपाही तक तथा दर्जनों की संख्या में सर्राफ कॉलेज के कैडेट्स शामिल हुए। वहीं नवगछिया स्टेशन पर कार्यरत कई रेलकर्मी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

शनिवार, 30 अक्टूबर 2021

नवगछिया: श्रेयान ज्वेलर्स में हुई 1.70 लाख के आभूषणों और 12 हजार नगद व 3 मोबाइल की चोरी

नवगछिया: श्रेयान ज्वेलर्स में हुई 1.70 लाख के आभूषणों और 12 हजार नगद व 3 मोबाइल की चोरी
नवगछिया (भागलपूर)। पुलिस जिला नवगछिया के परबत्ता थाना अंतर्गत श्रेयान ज्वेलर्स में करीब 1:30 बजे रात्रि में एक भीषण चोरी की घटना हुई। जिसमें चोरों ने एक लाख सत्तर हज़ार रुपए के आभूषण 3 मोबाइल और नगद 12 हज़ार रूपये की चोरी कर लिया। 

श्रेयान ज्वेलर्स के प्रोपराइटर चंदन कुमार ने कहा कि हम लोग सोए थे। करीब 1:30 बजे रात में यह वारदात हुई है। जब हम लोग रात में जगे तो  देखे सारा दरवाजा खुला था और सारा सामान गायब था  तभी हमलोग  दुकान में लगे सीसीटीवी को देखें तो उसमें एक चोर चोरी करते हुए दिखा। जो लाल तोलिया बांधे हुए था और एक हाथ से वह अपाहिज था। सीसीटीवी कैमरा में उसका चेहरा भी दिखा है। परंतु उसके चेहरे को मैं पहचान नहीं पा रहा हूं। घटना की सूचना परबत्ता थाना को दे दी गई है। पुलिस छानबीन में जुट गई है।

सर्राफ कॉलेज का कार्यालय खादी भंडार में हुआ स्थानांतरित

सर्राफ कॉलेज का कार्यालय खादी भंडार में हुआ स्थानांतरित
नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर)। स्थानीय बनारसी लाल सराफ वाणिज्य महाविद्यालय के रास्ते और परिसर में भारी जलजमाव होने के कारण छात्रों की परेशानी को देखते हुए इसका कार्यालय कार्य तत्कालिक रूप से नजदीक में ही स्थित खादी भंडार में स्थानांतरित कर लिया गया है। यह जानकारी महाविद्यालय के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी राजेश कानोडिया ने देते हुए बताया  कि महाविद्यालय परिसर एवं रास्ते में जलजमाव के बाद कार्यालय कार्य को राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 31 के किनारे दोनों तरफ संपादित किया जा रहा था। जिसे अब खादी भंडार में स्थानांतरित कर दिया गया है।

बताते चलें कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों और नेताओं ने एनएच किनारे किये जा रहे कार्यालय कार्यों का विरोध जताते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य को वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए आवेदन दिया था। आवेदन देने के बाद महाविद्यालय प्रशासन द्वारा कॉलेज कार्यालय कार्य को तत्काल खादी भंडार में पूर्व के वर्षों की तरह स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया और इसे चालू कर दिया गया। जहां छात्रों के सभी आवश्यक कार्यों को किया जा रहा है

नवगछिया: स्टेशन व ट्रेन में चला टिकट जांच अभियान, 421 रेल यात्रियों से वसूला गया लगभग दो लाख जुर्माना

नवगछिया स्टेशन व ट्रेन में चला व्यापक टिकट जांच अभियान, 421 रेल यात्रियों से वसूला गया दो लाख जुर्माना

नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर)। पूर्व मध्य रेल के बरौनी कटिहार रेलखंड अंतर्गत पड़ने वाले महत्वपूर्ण स्टेशन नवगछिया में शनिवार को रेलवे न्यायिक दण्डाधिकारी तेजकुमार प्रसाद की उपस्थिति में प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में सुबह से ही व्यापक टिकट जांच अभियान चलाया गया, जो शाम तक जारी रहा। इस दौरान अवैध भेंडर, रेल लाइन पार करने वाले यात्री, बिना उपयुक्त टिकट की यात्रा करने वाले यात्री, पायदान पर बैठकर यात्रा करने वाले यात्री और महिला डिब्बे में यात्रा करने वाले यात्री इत्यादि से जुर्माना वसूला गया।

 मौका ए वारदात पर टीटी दल द्वारा कुल 350 यात्री जो किराया एवं जुर्माना देने में सक्षम थे, उनसे कुल एक लाख 46 हजार 500 रूपये वसूल किया गया एवं आगे यात्रा जारी रखने की अनुमति दी गई। इसके अलावा 31यात्री को न्यायाधीश महोदय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जिनसे कुल 28 हजार 500 रूपये वसूल किया गया एवं रिहा कर दिया गया।

वहीं आरपीएफ इंस्पेक्टर मृणाल कुमार के नेतृत्व में चलाए गए रेल परिसर एवं विभिन्न ट्रेनों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 3 अवैध वेंडरों से ₹3000 तथा रेल लाइन पार करने के जुर्म में 10 लोगों से ₹5000 और बगैर उपयुक्त टिकट के यात्रा करने वाले दो यात्रियों से ₹400 तथा पायदान पर बैठकर यात्रा करने वाले 11 यात्रियों से ₹2050 एवं महिला आरक्षित कोच में यात्रा करने वाले पांच यात्रियों से ₹1000 जुर्माना वसूल किया गया। इसके साथ ही सेंट्रल इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम द्वारा 6 अवैध वेंडरों से ₹5000 जुर्माना वसूल किया गया तथा तीन हिजड़ों द्वारा यात्रियों से भीख मांगे जाने पर ₹3000 का जुर्माना वसूल किया गया।

रेलवे न्यायिक दण्डाधिकारी तेजकुमार प्रसाद की उपस्थिति में इस रेल टिकट चैकिंग अभियान में रेल सुरक्षा बल और  राजकीय रेल पुलिस एवं प्रशासन का भी सहयोग मिला। इस दौरान मुख्य टिकट निरीक्षक राम बालक यादव एवं अधीनस्थ सभी टी टी आई नवगछिया सक्रीय रहे। जिनके सहयोग से 421 यात्रियों से एक लाख 94 हजार 450 रूपये की जुर्माना वसूला की जा सकी।

स्टेट बैंक नवगछिया बाजार शाखा के प्रबंधक को दी गई भावभीनी विदाई

स्टेट बैंक नवगछिया बाजार शाखा के प्रबंधक को दी गई भावभीनी विदाई
नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर)। भारतीय स्टेट बैंक नवगछिया बाजार शाखा के प्रबंधक राज कुमार का तबादला भागलपुर स्थित चंपानगर शाखा होने पर शनिवार की शाम को नवगछिया बाजार शाखा में ही उनके सहयोगियों द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। जहां मौके पर शाखा के सभी सहायक और कई प्रमुख ग्राहकों ने उनके कार्यकाल की भूरी भूरी प्रसंशा करते हुए कहा कि इनके साथ काम करने के दौरान कई महत्वपूर्ण चीजें सीखने को मिली और कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिली।

मौके पर शाखा प्रबंधक राजू कुमार ने सहयोगी बैंक कर्मी पवन कुमार साह, स्वेता कुमारी, स्वप्नदीप, रामसिंह, ईशा, अरविन्द कुमार, अखिलेश कुमार मंडल के साथ अपने कार्यवधी में मिले सहयोग की काफी सराहना की। सभी टीम के साथ काम करने का खट्टा मीठा अनुभव भी शेयर किया। वहीं मिली जानकारी के अनुसार नवगछिया बाजार शाखा के अब नए प्रबंधक शुभम कौशिक होंगे। जो इस समय भागलपुर आरबीओ में योगदान किये हुए हैं। जल्द ही वे अपना पदभार ग्रहण कर लेंगे।


गुरुवार, 27 फ़रवरी 2020

साप्ताहिक शिविर की सीख को अपने जीवन में आत्मसात करें- दीपो महतो

नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर)। स्थानीय मदन अहल्या महिला महाविद्यालय में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का साप्ताहिक शिविर कार्यक्रम का समापन समारोह पूर्वक किया गया।कार्यक्रम का आरंभ मुख्य अतिथि एनएसएस के विश्वविद्यालय समन्वयक डॉ दीपो महतो एवं प्राचार्या डॉ कुमारी सुदामा यादव के द्वारा कुलध्वज फहरा कर किया गया। इसके बाद महाविद्यालय में ही सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया। जिसका आगाज छात्रा अंजली के द्वारा देवा श्री गणेश पर नृत्य प्रस्तुति कर किया गया। 
मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय एनएसएस समन्वयक डॉ दीपो महतो ने कहा कि छात्राओं ने जो साप्ताहिक शिविर में सीखा है उसे अपने जीवन में आत्मसात करें एवं सदैव समाज सेवा हेतु तत्पर रहें। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक अरुण झा कर रहे थे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ सीता भगत कर रही थी।
      
इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में पूजा, संजू, खुशी, अभिलाषा, अर्चना, अनुष्का, अन्नू, शालिनी, राधिका, कृतिका, पूजा, स्वीटी, सोनाली, प्रीति सहित अन्य कई छात्राओ ने एकल नृत्य, समूह नृत्य, गीत संगीत एवं कविता की प्रस्तुति दी। जहां डॉ सुशील मंडल, प्रो विंदेश्वरी सिंह, पूनम देवी, अनिता भगत, छात्रसंघ उपाध्यक्ष प्रतिभा झा, सचिव आकांक्षा चौधरी, प्रो इरा कुमारी,  श्री श्याम किशोर शर्मा, शैलेंद्र कुमार, संतोष कुमार सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक, छात्राएं एवं अन्य कर्मी मौजूद थे।

सोमवार, 23 दिसंबर 2019

ये है झारखंड विधानसभा चुनाव परिणाम की ताजा स्थिति



नव-बिहार समाचार। झारखंड विधानसभा चुनाव के परिणाम की ताजा स्थिति इस समय कुछ इस प्रकार से नजर आ रही है कि रघुबर दास की जगह सत्ता अब हेमंत सोरेन संभालेंगे।

शनिवार, 7 जनवरी 2017

मौसम समाचार : भागलपुर सहित पूरे बिहार में 15 जनवरी तक लगातार बढ़ सकती है ठंड

नव-बिहार न्यूज नेटवर्क, भागलपुर। बिहार के अधिकांश शहरी और मैदानी इलाकों में आज सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। पटना, कटिहार, पूर्णिया, खगड़िया, नवगछिया और भागलपुर इन क्षेत्रों में आज का न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री और अधिकतम 19 से 20 डिग्री रहने की संभावना है। यह अलग बात है कि आज 9:00 बजे तक कुहासा और बादल के बाद हल्की धूप निकल सकती है और दिन भर आसमान साफ रहेगा।

मौसम विज्ञान के अनुसार आज जैसी ही ठंड भरा मौसम सोमवार तक रह सकता है। इसके बाद 10 जनवरी से लगातार 15 - 16 जनवरी तक न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान में गिरावट आने की पूरी संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान घटकर पटना में 7 डिग्री सेल्सियस, खगड़िया, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर में 8 डिग्री सेल्सियस हो जाने की संभावना है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान 15 से 16 डिग्री रहने का अनुमान है।

शुक्रवार, 6 जनवरी 2017

दिग्गज अभिनेता ओमपुरी का निधन, शाम 6 बजे होगा अंतिम संस्कार

दिग्गज अभिनेता ओमपुरी का निधन, शाम 6 बजे होगा अंतिम संस्कार

नई दिल्ली: दिग्गज अभिनेता ओम पुरी नहीं रहे. शुक्रवार सुबह अपने घर में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया. वह 66 साल के थे. उनके परिवार से जुड़े सूत्रों ने कहा, ‘आज सुबह दिल का तेज दौरा पड़ने से उनका उपनगरीय अंधेरी स्थित अपने घर पर निधन हो गया. यह बहुत बड़ा सदमा है.’

अभिनेत्री शबाना आज़मी ने ट्वीट करके बताया है कि ओम पुरी के पार्थिव शरीर को मुंबई के कूपर हॉस्पिटल पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है. इसके बाद तीन बजे उनके शरीर को उनके घर ‘त्रिशूल’ पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. इसके बाद आज शाम 6 बजे मुंबई के ओशिवारा में ओम पुरी का अंतिम संस्कार किया जाएगा. 

बॉलीवुड से हॉलीवुड तक, फीचर फिल्मों से लेकर गंभीर कलात्मक फिल्मों में कई बेहतरीन किरदार निभाने वाले मशहूर अभिनेता अपनी बहुमुखी अदाकारी के लिए पहचाने जाते थे. अभिनेता ने भारत, पाकिस्तान, ब्रिटेन और हॉलीवुड की अनेक फिल्मों में काम किया. ओमपुरी को 1990 में देश के चौथे सबसे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म श्री’ से सम्मानित किया गया था.

ओम पुरी ने कई व्यावसायिक फिल्मों में भी काम किया. वह हाल तक फिल्मों में सक्रिय रहे. ओम पुरी हिन्दी सिने जगत के साथ-साथ कई हॉलीवुड फिल्मों का भी हिस्सा रहे. उनकी गिनती समानांतर सिनेमा के प्रमुख कलाकारों में की जाती है.  कई फिल्मी पुरस्कार हासिल कर चुके ओमपुरी को ‘आरोहण’ और ‘अर्ध सत्य’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है. उन्होंने ‘ईस्ट इज ईस्ट’ और ‘सिटी ऑफ जॉय’ जैसी अंग्रेजी फिल्में भी कीं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओमपुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया है और साथ ही थिएटर एवं फिल्मों में उनके लंबे योगदान को याद किया. अक्षय कुमार, करन जौहर, अनुपम खेर, जावेद अख्तर और महेश भट्ट सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने ओमपुरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति बताया.

हरियाणा के अंबाला में एक पंजाबी परिवार में जन्मे पुरी, पुणे के भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान से स्नातक थे. वर्ष 1973 में वह राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के छात्र भी रहे जहां अभिनेता नसीरूद्दीन शाह उनके सह-छात्र थे. ओमपुरी ने वर्ष 1976 में मराठी फिल्म ‘घासीराम कोतवाल’ के साथ फिल्म जगत में अपना पहला कदम रखा.

‘अर्ध सत्य’, ‘मिर्च मसाला’, ‘धारावी’, आक्रोश’, ‘माचिस’, ‘गुप्त’, ‘धूप’, ‘युवा’, ‘डॉन’ ‘अग्निपथ’, ‘बजरंगी भाईजान’ उनकी मशहूर फिल्मों में शुमार हैं.

‘माई सन द फैनेटिक’, ‘ईस्ट इज ईस्ट’, ‘द पैरोल ऑफिसर’ जैसी ब्रिटिश फिल्मों ने उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रियता दिलाई. ‘सिटी ऑफ जॉय’, ‘वुल्फ’, ‘द घोस्ट एंड द डार्कनेस’ जैसी हॉलीवुड फिल्मों में भी उन्होंने अपने अभिनय का जौहर दिखाया. 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की नितीश कुमार की तारीफ़


पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री और बिहार सरकार ने प्रकाश पर्व की अद्भूत तैयारी की है. मोदी ने इसके लिये नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया और कहा कि बिहार में शराबबंदी और नशामुक्ति लागू कर नीतीश कुमार ने एक इतिहास रच दिया है. बिहार की आनेवाली पीढ़ी को इससे लाभ होगा. मोदी ने भारत सरकार द्वारा प्रकाश पर्व के लिये किये गये प्रयासों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रकाश पर्व की तैयारी को उन्होंने पर्सनली देखा है वह काबिले तारीफ है. मोदी ने शराबबंदी के लिये नीतीश की तारीफ करते हुए, अन्य राज्यों को भी इससे प्रेरणा लेने की बात कही. उन्होंने कहा कि मैं नीतीश सरकार और उनके साथियों के साथ बिहार के लोगों को बधाई देता हूं कि पटना में प्रकाश पर्व काफी मायने रखता है. उन्होंने कहा कि नीतीश जी ने जिस मेहनत के साथ स्वयं गांधी मैदान आकर हर चीज को बारीकी से देखा और भव्य योजना बनायी, उनके प्रयास सराहनीय हैं. प्रकाश सिंह बादल ने भी नीतीश कुमार के सफल आयोजन की खूब तारीफ की.

प्रांतीय क्रिकेट टूर्नामेंट 7 और 8 को नवगछिया में

प्रांतीय क्रिकेट टूर्नामेंट 7 और 8 को नवगछिया में

नवगछिया (नव-बिहार न्यूज नेटवर्क)। मारवाड़ी युवा मंच बिहार द्वारा आयोजित स्व0 हरीश चंद्र मिश्र मेमोरियल प्रांतीय क्रिकेट टूर्नामेंट नवगछिया में 7 और 8 जनवरी को इंटरस्तरीय उच्च विद्यालय नवगछिया में आयोजन किया जा रहा है। इस प्रांतीय क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 5 टीम हिस्सा ले रही है। जिसमें नवगछिया, भागलपुर, नाथनगर, झाझा, कटिहार की टीम शामिल होगी। यह टूर्नामेंट स्वर्गीय हरिशचंद्र मिश्र मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के चेयरमैन जगदीश चंद्र मिश्र 'पप्पू जी', प्रांतीय अध्यक्ष आकाश अग्रवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिल वर्मा, प्रांतीय महामंत्री विकास खंडेलिया, प्रांतीय अध्यक्ष सह राष्ट्रीय संयोजक सुभाष चंद्र वर्मा, प्रांतीय खेल संयोजक अजय वैध की मौजूदगी में संपन्न होगा।

मंगलवार, 1 मई 2012

बिहार के वकील करेंगे 2 मई को न्यायालय कार्यों का बहिष्कार

समस्तीपुर में एक वकील को कथित तौर पर गलत मुकदमे में फंसाने और उनकी गिरफ्तारी के विरोध में बिहार के वकील अगले दो मई को न्यायालय के कार्यो का एक दिवसीय बहिष्कार करेंगे। बिहार राज्य बार काउंसिल के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि काउंसिल की बैठक में तय किया गया है कि जब तक समस्तीपुर के जिलाधिकारी और उप विकास आयुक्त का वहां से स्थानांतरण नहीं किया जाता है, तब तक समस्तीपुर के अधिवक्ता न्यायिक कार्यो का बहिष्कार जारी रखेंगे। काउंसिल ने पूरे मामले की जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराने की मांग करते हुए कहा कि अगले दो मई को सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्यो का बहिष्कार करेंगे।आरोप है कि समस्तीपुर के अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह पर 19 अप्रैल को एक महिला से पैसे लेने को जिला प्रशासन ने रिश्वत का पैसा बताते हुए गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरे दिन उन्हें रिहा भी कर दिया गया था। अधिवक्ता संघ का कहना है कि अधिवक्ता अपने मुवक्किल से पैसा नहीं लेगा तो क्या करेगा। इस घटना के बाद से ही समस्तीपुर के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर रखा है।

रविवार, 9 जनवरी 2011

नवलेश की गिरफ्तारी से उठ रहे कई सवाल

पूर्णिया सदर के भाजपा विधायक राजकिशोर केशरी हत्याकांड में पत्रकार नवलेश पाठक की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिस प्रकार उसकी गिरफ्तारी हुई उसने कई सवालों का जन्म दिया है।

मामले पर गौर करें तो दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि विधायक ने चाकू लगने के बाद रास्ते में अपने भतीजे को बताया था कि उन्होंने नवलेश को गाड़ी से भागते हुए देखा। यदि दर्ज प्राथमिकी को ही आधार माना जाय तो पुलिस घटना के समय नवलेश पाठक के मोबाइल का टावर लोकेशन से उसकी वास्तविक स्थिति जान सकती थी। इस मामले में दूसरा पेंच यह है विधायक के बयान को लेकर भी है। चिकित्सकों की राय में एबडोमिनल अरोटा नस के कटने के बाद कोई भी व्यक्ति पांच से सात मिनट जिंदा रह सकता है। यदि विधायक का एबडोमिनल अरोटा नस कट गया था तो क्या वो इतनी बात कहने की स्थिति में थे। यदि नवलेश ने ही रूपम पाठक को उकसा कर विधायक के आवास तक छोड़ा तो पुलिस ने गिरफ्तारी में इतनी विलंब क्यों की। पुलिस के अनुसार नवलेश विधायक और रूपम दोनों से ही लगातार बात करता रहा था। यहां यह सवाल उठता है कि क्या पत्रकार का किसी विधायक और किसी पीड़ित से बात करना साजिश और अपराध है। ऐसे कई सवाल हैं जो आम लोगों के जेहन में कौंध रहे हैं।

31 दिसम्बर को विपीन ठहरा था सिल्लीगुड़ी में

पूर्णिया के विधायक राजकिशोर केसरी के समर्थक विपीन राय ने साल के अंतिम दिन सिल्लीगुड़ी में बिताया था। मगर वहां वह किसके साथ ठहरा था यह सवाल बना हुआ है। विपीन के 31 दिसम्बर 2010 को सिल्लीगुड़ी में होने का खुलासा मोबाइल टावर लोकेशन से हुआ है। रूपम के मोबाइल प्रिंट आउट से इस बात का भी खुलासा किया है कि चार जनवरी को लगभग नौ बजे उसने विपीन राय के मोबाइल पर फोन किया। लेकिन विपीन राय ने रूपम पाठक के काल को रिसीव नहीं किया। विपीन राय की इसके पूर्व रूपम पाठक से कई बार फोन पर बात हुई है लेकिन उस दिन विपीन राय द्वारा रूपम पाठक का मोबाइल फोन नहीं उठाना महज एक इत्तेफाक है या साजिश यह एक सवाल बना हुआ है। कहीं विपीन राय रूपम पाठक के मिजाज को भांप तो नहीं गया था? अक्सर विधायक के आवास पर जाने वाला विपीन राय चार जनवरी को भी घटना के वक्त विधायक आवास पर मौजूद नहीं था? जबकि पूर्णिया में रहने के बाद वह अक्सर विधायक के आवास पर वह भी सुबह के वक्त जरूर रहा करता था। रूपम पाठक ने भी पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसके निशाने पर मुख्य रूप से विधायक का सहयोगी विपीन राय था। उसको फोन कर अपने घर बुलाने तथा इसके बाद विधायक आवास पर उसे खोजने के बाद ही उसने विधायक की चाकू मारकर हत्या की। रूपम यह भी दावा कर रही है कि विपीन राय ने ही उसकी जिंदगी को बर्बाद कर दिया। वह जब कभी भी उससे मिलने के लिये आता था अपने साथ किसी न किसी नये आदमी को साथ लाता था। हम चाहकर भी उसका विरोध नहीं कर पाते थे। कुछ भी कहने के बाद वह हमें पूरी तरह से बदनाम करने की धमकी दिया करता था। रूपम ने पुलिस के समक्ष खुलासा किया है कि उसके द्वारा यौन- शोषण का मामला दर्ज कराये जाने के बाद उसके ऊपर काफी दवाब डाला गया। सामाजिक स्तर पर हो रही बदनामी और अपने परिवार की चिंता को देखते हुए हमने मामला वापस ले लिया लेकिन इसके बाद तो विपीन राय द्वारा परेशान करने की सारी हदें पार कर दी गयी। रूपम कहती है कि वह इस कदर टूट चुकी थी की उसे आगे कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था। रूपम ने पुलिस को बताया कि विपीन अक्सर उसपर गलत दवाब डालकर कई गलत कार्य करने के लिये मजबूर करता था।

शनिवार, 8 जनवरी 2011

दो माह में रूपम के खाते में जमा हुए सात लाख

रूपम पाठक के पर्स से पूर्णिया पुलिस को मिले कई बैकों के पास बुक ने भी अब राज उगलने शुरू कर दिये हैं। पुलिस जांच में इस बात का खुलासा हुआ की रूपम पाठक के बैंक खाते में दो माह के दौरान दो बार में कुल सात लाख रूपये जमा हुए हैं। इनमें एक बार में चार लाख एवं दूसरी बार में तीन लाख की राशि उनके स्टेट बैंक स्थित खाते में जमा हुई है। रूपम पाठक के भारतीय स्टेट बैंक शाखा पूर्णिया के खाता संख्या 10954344216 में मई माह की 27 तारीख एवं जून माह की 23 तारीख को चार लाख एवं तीन लाख रूपये जमा हुए हैं। इसके बाद यह राशि अठारह किस्तों में बैंक से निकाल भी ली गयी है तथा वर्तमान में उनके इस खाता में महज 2143 रूपया शेष बचा है। हालांकि रूपम पाठक से पुलिस ने जब उनके खाते में आये इस बड़ी राशि के संबंध में पूछताछ की तो उसका कहना था कि यह राशि उसने बैंक से ऋण के रूप में ली है। पुलिस उसके द्वारा दी गयी इस जानकारी का सत्यापन कर रही है की उसने जो ग्रामीण बैंक से ऋण लेने की बात कही है उसमें कितनी सच्चाई है। रूपम पाठक द्वारा स्टेट बैंक की शाखा से जो रूपये की निकासी की गयी है वह चेकों के माध्यम से की गयी है। पुलिस ने रूपम पाठक के पर्स से स्टेट बैंक के पासबुक के अलावा ग्रामीण बैंक की शाखा मधुबनी बाजार का पास बुक जिसका खाता संख्या 3624 बरामद किया गया था। इसके अलावा इसी बैंक के शाखा का चेक बुक संख्या 05619516 से 0561975 का बरामद किया गया। इसमें से 0561951 से लेकर 561960 तक का चेक कटा हुआ पाया गया। इसके अलावा यूको बैंक की शाखा का चेक बुक भी उस पर्स से पुलिस ने बरामद किया था।

अब तक नहीं सुलझी विधायक हत्याकांड की पहेली

पूर्णिया के विधायक राजकिशोर केसरी हत्याकांड की पूरी गुत्थी घटना के पांच दिनों बाद भी नहीं सुलझ पायी है। भले ही पुलिस ने विधायक हत्याकांड में शामिल दोनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हो मगर यह सवाल आज भी अनुत्तरित बना हुआ है की रूपम पाठक ने चार जनवरी को ही इस घटना को अंजाम क्यों दिया। पुलिस यह तो कह रही है कि रूपम पाठक ने इस हत्या की घटना को अंजाम दिया लेकिन किन कारणों से तथा इस हत्या के घटना के तात्कालिक कारण क्या थे इस सवाल पर वह भी कुछ बताने से बच रही है। इस मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि रूपम पाठक चार जनवरी को दिन के लगभग नौ बजे अपने पर्स में चाकू छिपाकर तथा शाल ओढ़कर पहुंचती है तथा विधायक को पास में बुलाकर चाकू मारकर उनकी हत्या कर देती है। हत्या करने के बाद आक्रोशित लोगों द्वारा रूपम पाठक की जमकर पिटाई की जाती है तथा इसके बाद पुलिस अपने कब्जे में उन्हें ले लेती है। इस मामले की जांच में लगे पुलिस अधिकारी दावा कर रहे हैं कि वे विधायक के हत्या के मामले को देख रहे हैं। सवाल है की हत्या करने वाली महिला जब रूपम पाठक गिरफ्तार ही कर ली गयी तथा इसके बाद इसमें शामिल नवलेश पाठक भी पकड़ ही लिये गये। पुलिस ने रूपम पाठक के उस वाहन को भी जब्त कर ही लिया जिस पर सवार होकर वह विधायक के आवास पर पहुंची मगर घटना का तात्कालिक कारण क्या था यह सवाल अब भी बना हुआ है। जबकि विधायक हत्या मामले में गिरफ्तार रूपम पाठक अपने बयान में बार- बार इस बात को दुहराती रही की विधायक के सहयोगी विपीन राय ने उसका जीना हराम कर दिया था। रूपम ने पुलिस अधिकारियों को यह भी बताया की उसको विपीन बार- बार ब्लैक मेल किया करता था। फिर भी पुलिस ने अभी तक विपीन को पूछताछ के लिये छुआ तक नहीं है।

लवली आंनद ने जेल में बंद रूपम से मिलने की मांगी अनुमति

पूर्व सांसद लवली आनंद ने विधायक हत्याकांड में पूर्णिया जेल में बंद आरोपी महिला रूपम पाठक से मिलने की अनुमति जिलाधिकारी से मांगी है। डीएम को भेजे पत्र में पूर्व सांसद श्रीमती आनंद ने कहा है कि हत्या बाद तरह तरह की अफवाहों और खबरों को देखते हुए पक्ष विपक्ष का बाजार गर्म दिख रहा है। ऐसे में एक राजनैतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता होने के नाते सच व झूठ का पता करना आवश्यक हो गया है। सो उन्होंने डीएम को पत्र लिखकर दस जनवरी को उनके परिजनों तथा जेल में बंद आरोपी श्रीमती पाठक से मिलने की इजाजत मांगी है। साथ ही इस दौरान उन्होंने अपनी सुरक्षा व्यवस्था की भी मांग की है।

विधायक हत्याकांड की हो सीबीआई जांच : सांसद

पूर्णिया। सदर के भाजपा विधायक राजकिशोर हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग सांसद ने उठायी है। सांसद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने सीबीआई जांच की मांग के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सिफारिश करने की मांग की है। सांसद ने अपने पत्र में पूरी घटना की जानकारी देते हुए कहा है कि इस मामले की गहनता से जांच की आवश्यकता है। रूपम पाठक द्वारा पूर्व में प्राथमिकी दर्ज करवायी गयी। इसके बाद उसने 164 का बयान देकर मामले का पटाक्षेप कर दिया। विधानसभा चुनाव में इस पूरे मामले के बारे में उन्होंने कुछ नहीं सुना लेकिन अचानक से विधायक की हत्या ने अचंभित कर दिया। सांसद ने कहा है कि इस हत्याकांड को लेकर विपक्ष अपनी राजनीति कर रहा है और मीडिया व जनता के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है। विपक्ष द्वारा कई प्रकार के अनर्गल आरोप लगाया जा रहा है। ऐसे में इस मामले की जांच सीबीआई से करवाने की आवश्यकता जान पड़ती है।

सीबीआई जांच में खुलेगा राज, कई चेहरे होंगे बेनकाब

पूर्णिया। सदर विधायक हत्याकांड की सीबीआई जांच से कई राज खुलेंगे और कई सफेदपोश चेहरे बेनकाब होंगे। जांच में यह राज भी खुलेगा कि आखिर किन परिस्थितियों में रूपम ने यह आत्मघाती कदम उठाया। दूसरी ओर सीबीआई जांच की घोषणा होते ही शहर का राजनीतिक तापक्रम अचानक ही बढ़ गया है।

जानकारी अनुसार विधायक राजकिशोर केसरी हत्याकांड की जांच सीबीआई से करवाने की सरकार ने घोषणा कर दी है। इस घोषणा के साथ ही इस मामले के रहस्य पर से पर्दा उठने की उम्मीद भी बंध गयी है। इस हत्याकांड ने कई सवालों को जन्म दिया था। इन सवालों का कोई जबाव नहीं मिल पा रहा था। रूपम पाठक, विपिन राय और नवलेश पाठक सहित पुलिस की खामोशी से कई सवाल पैदा हो रहे थे। मसलन जब रूपम पाठक ने यौन शोषण का मामला दर्ज करवाया था तो फिर आखिर किस दबाव में सीजेएम के सामने धारा 164 के बयान में वो क्यों मुकर गयी। यदि उस पर दवाब नहीं था तो आखिर क्यों उसने प्रोटेस्ट पीटिशन कोर्ट में दाखिल किया। यौन शोषण यदि इतने सालों से चल रहा था तो आखिर चार जनवरी को ही विधायक की हत्या क्यों हो गयी। इसका तात्कालिक कारण क्या था। वहीं नवलेश पाठक की गिरफ्तारी ने भी कई सवालों को जन्म दिया। पत्रकार नवलेश को सिर्फ को साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार करने की बात पुलिस कहती रही। लेकिन सिर्फ इसलिए कि वो रूपम पाठक और विधायक के संपर्क में था और उनसे मोबाइल पर बात किया करता था। इस हत्याकांड में कई लोगों के पर्दे के पीछे होने की बात सामने की चर्चा आम जुबान पर रही है। इसमें पूर्णिया से लेकर पटना के बड़े लोगों की चर्चा होती रही है। सीबीआई जांच में इन बातों पर से भी पर्दा उठने की संभावना बनी है। जैसे-जैसे सीबीआई की जांच आगे बढ़ेगी वैसे-वैसे कई चेहरे पर से नकाब उठने के कयास लगाये जा रहे हैं।